अब तक के सबसे महंगे ओलपिंक खेल कहे जा रहे लंदन ओलंपिक 2012 में मात्र 26 दिन ही शेष बचे हैं। लंदन ओलंपिक के आयोजकों ने दुनियाभर में फैले ओलंपिक के चाहने वालों को विभिन्न मैचों को दिखाने के लिए अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर सीधे प्रसारण की व्यवस्था की है। इस आधिकारिक वेबसाइट पर विभिन्न खेलों के आयोजन स्थल, उनके दिन, आने-जाने के रास्ते, ओलंपिक से जुड़ी ताजा खबरें, फोटो, वीडियो अपलोड किए गए हैं। इसके अलावा ओलंपिक खेलों में हिस्सा लेने जा रहे सभी देशों, उनके अधिकारियों का पूरा विवरण भी दिया गया है। इसके अलावा अगर आप अब तक के सबसे प्रसिद्ध ओलंपिक खिलाड़ियों के बारे में जानना चाहते हैं तो इस वेबसाइट की ओर रुख करें। यहां आपको डेनमार्क के प्रसिद्ध नौकायन खिलाड़ी पॉल इल्वरस्ट्राम, पांच ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाले पहले एथलीट स्टीव रेडग्रेव और ऐसी ही कई उपलब्धियां हासिल करने वाले ओलंपिक खिलाड़ियों के बारे में विस्तार से जानकारी मिल सकती है। अगर आप दुनिया की सबसे लोकप्रिय वेबसाइट फेसबुक पर हैं तो लंदन ओलंपिक के आधिकारिक पेज को बस लाइक करें और इससे जुड़ी ताजा खबरें, तस्वीरें, वीडियो देख सकते हैं|
लंदन ओलंपिक के फेसबुक पेज को अब तक 4,28,410 लोगों ने लाइक किया है और एक लाख से अधिक लोग इसके बारे में चर्चा कर रहे हैं। इसी तरह टि्वटर पर भी लंदन ओलंपिक की पल-पल की जानकारी ले सकते हैं। टि्वटर पर लंदन ओलंपिक के सात लाख से अधिक फालोवर हैं। अगर आप वीडियो देखने के शौकीन हैं तो यू-ट्यूब की ओर रुख करें जहां अभी तक 52 लाख से अधिक लोग ओलंपिक से जुड़े वीडियो देख चुके हैं। यही नहीं, अगर आपको कोई वीडियो पसंद आता है तो आप इसे फेसबुक पर अपने मित्रों से साझा भी कर सकते हैं। उल्लेखनीय है कि लंदन ओलंपिक खेल 27 जुलाई से 12 अगस्त तक खेले जाएंगे और इसमें करीब 200 देशों के हजारों खिलाड़ी हिस्सा लेंगे|