नई दिल्ली। कांग्रेस पार्टी, जनता दल यूनाइटेड (JDU) और राष्ट्रीय लोक दल (RLD) ने सपा के मुखिया मुलायम सिंह यादव से कहा है, कि वे तब तक उत्तर प्रदेश में गठबंधन का हिस्सा नहीं बनेंगे जब तक मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को भी उसका हिस्सा नहीं बनते।
इससे पहले राहुल गांधी ने भी यह कहा था कि, वे गठबंधन की संभावना पर तभी विचार करेंगे जब अखिलेश यादव सपा का चेहरा बनें। आरएलडी के एक वरिष्ठ नेता ने एक ‘अंग्रेजी अखबार’ को बताया है कि, मुलायम सिंह यादव के परिवार में चल रही खींचतान के बीच अजीत सिंह गठबंधन का हिस्सा बनने को लेकर एहतियात बरत रहे हैं।
आरएलडी नेता ने कहा कि, अखिलेश और शिवपाल के बीच लड़ाई अभी चलती रहेगी। इससे न सिर्फ सपा को बल्कि संभावित महागठबंधन पर भी असर पड़ेगा। उधर, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि यूपी में महागठबंधन तभी हो सकता है जब सपा को बसपा के साथ लाया जाए। पॉलिटिकल एक्सपर्ट का मानना है कि सपा के अंदरुनी कलह से यादव और मुस्लिम वोट बैंक लेकर यूपी चुनाव में अनिश्चितता की स्थिति हो सकती है।