मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ में नाबालिग से बलात्कार करने के आरोप में शख्स को गिरफ्तार किया गया है। 35 साल बाद पुलिस की गिरफ्त में आया ये आरोपी अभी तक परिवार के साथ फरार था। और उसके ऊपर पांच हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।
अपने चाचा की साली से किया बलात्कार
रामपुर मनिहारान थाने के गांव कुराली निवासी राजकुमार ने वर्ष 1981 में अपने चाचा की 13 वर्षीय साली के साथ बलात्कार किया था। उसके खिलाफ पीड़िता के परिजनों की तरफ से रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
मौत की अफवाह गांव में फैली
घटना के बाद से ही आरोपी अपने परिवार सहित गांव से फरार हो गया था। कई साल गुजरने के बाद लोगों ने समझ लिया कि आरोपी की मौत हो गई। इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी जिंदा है और वह थाना झिंझाना के गांव चौसाना में रह रहा है। एसआई चंद्रवीर ने पुलिस टीम के साथ गांव में जाकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और थाने ले आई।
उच्च न्यायालय ने घोषित की थी 5000 का इनाम
थाना प्रभारी सुशील कुमार दूबे ने बताया कि बलात्कार के आरोपी की उम्र वर्तमान में 65 वर्ष के करीब है। उसके छह पुत्री व एक पुत्र है। घटना के बाद से वह चोरी छिपे अपना गांव छोड़कर चौसाना में रह रहा था। उच्च न्यायालय द्वारा उसे वारंटी घोषित किया हुआ था और उस पर पांच हजार की इनाम भी था।