सुशांत सिंह राजपूत के निधन से उनके परिवार और दोस्त सभी सदमे में हैं। सुशांत के जाने के बाद उनके डॉगी फज की कुछ फोटोज वायरल हो रही हैं जिन्हें देखकर आप भी भावुक हो जाएंगे। आप देखें कि कैसे फज फोन पर सुशांत की फोटो को देखकर उन्हें याद कर रहा है। बिग बॉस 10 के विनर रहे मनवीर गुर्जर ने सुशांत और फज की फोटोज शेयर करते हुए लिखा, ‘भाई सुशांत सिंह राजपूत कोई और ना सही, लेकिन ये तो तेरी कीमत आज भी जानता है’। सुशांत अपने डॉग फज को काफी प्यार करते थे। वह कई बार सोशल मीडिया पर फज के साथ फोटोज और वीडियोज शेयर करते रहते थे।
बता दें कि सुशांत के निधन के बाद से सोशल मीडिया पर नेपोटिज्म को लेकर बहस चल रही है। यूजर्स सोशल मीडिया पर सलमान खान, आलिया भट्ट, सोनम कपूर और करण जौहर पर अपना गुस्सा जाहिर कर रहे हैं। इतना ही नहीं, सुशांत के निधन के बाद से इन स्टार्स की सोशल मीडिया पॉपुलैरिटी पर भी काफी असर पड़ा है। आलिया, सोनम, सलमान और करण के इंस्टाग्राम फॉलोअर्स कम हो रहे हैं। इसके अलावा सोशल मीडिया पर इनकी फिल्मों को बॉयकॉट करने की अपील भी कर रहे हैं।
सुशांत सिंह राजपूत की अस्थियां गंगा में प्रवाहित, पटना में ही होगा श्राद्धकर्म
गुरुवार को सुशांत की अस्थियों को पटना की गंगा नदी में प्रवाहित कर अंतिम विदाई दी गईं। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच उनके पिता केके सिंह ने कांपते हाथों से अस्थि अवशेषों का विसर्जन किया। पिता के साथ सुशांत की बड़ी बहन श्वेता सिंह कीर्ति, प्रियंका सिंह और रानी सिंह और परिवार के अन्य करीबी लोग मौजूद थे।
बहन ने लिखा था इमोशनल नोट
गुरुवार सुबह उनकी बड़ी बहन श्वेता सिंह कीर्ति ने अस्थि विसर्जन में शामिल होने की जानकारी देते हुए फेसबुक पर एक पोस्ट लिखा था। उन्होंने लिखा था, जिन्होंने भी हमारे लिए प्रार्थना की, मैं उनको धन्यवाद कहना चाहती हूं। आज हम भाई का अस्थि विसर्जन करेंगे। मैं चाहूंगी कि हम सब उसके लिए प्रार्थना करें और उसकी यादों को दिल में बसाकर रखें। उसकी जिंदगी का जश्न मनाएं और उसे एक प्यारा और खुशनुमा फेयरवेल दें।