तिरुवननंतपुरम
केरल के त्रिशूर में 21 साल के एक युवक ने छह लोगों को रौंद दिया और कार छोड़कर भाग गया। न तो यह शख्स शराब पीकर ड्राइव कर रहा था और न ही गाड़ी चलाते समय मोबाइल पर बात कर रहा था। उसने ऐसा सिर्फ इसलिए किया क्योंकि उसे एक लड़की ने रिजेक्ट कर दिया था। घायलों में वह लड़की भी है जिसे युवक ने प्रपोज किया था। आरोपी युवक की पहचान पुतुपल्ली शिबिन के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि लड़की मंदिर से प्रार्थना करके घर वापस लौट रही थी इतने में शिबिन तेजी से कार उसकी ओर ले गया और उसे टक्कर मार दी। इसके बाद उसने यू-टर्न लिया और उन लोगों को टक्कर मारी जो लड़की की मदद करने के लिए आए थे। इस तरह उसने पांच महिलाओं और एक पुरुष को टक्कर मारी। इसके बाद वह कार वहीं छोड़कर भाग गया। घायलों में से तीन की हालत नाजुक है। पुलिस के मुताबिक शिबिन पिछले एक साल से लड़की का पीछा कर रहा था।
पुलिस ने बताया कि शिबिन ने एक साल पहले प्रपोज किया था लेकिन लड़की के परिवार को यह रिश्ता पसंद नहीं आया। इसके बाद वह लड़की का पीछा करने लगा। पिछले साल अप्रैल ने इस बारे में पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई थी। जिसके बाद शिबिन ने लड़की के घर पर देसी बम फेंककर हमला किया था। इसके बाद लड़की ने दोबारा पुलिस से शिकायत की थी। हालांकि पुलिस ने इस बार में कोई कार्रवाई नहीं की क्योंकि शिबिन ने माफी मांगी थी और वादा किया था कि वह आगे से लड़की को परेशान नहीं करेगा।