मुंबई में नौसेना के पूर्व अधिकारी की कथित तौर पर शिवसेना के कार्यकर्ताओं द्वारा पिटाई का मामला सामने आया है। मुंबई पुलिस ने नौसेना के पूर्व अधिकारी पर हुए हमले के सिलसिले में शिवसेना के कमलेश कदम समेत पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। शिवसेना के कार्यकर्ताओं का आरोप है कि नेवी से रिटायर्ड 65 वर्षीय अफसर ने सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को लेकर एक कार्टून फॉरवर्ड किया था।
मुंबई के समता नगर पुलिस स्टेशन में कमलेश कदम और उनके 8-10 साथियों के खिलाफ नौसेना के पूर्व अधिकारी की पिटाई करने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई। जिसके बाद पुलिस ने कदम समेत अभी तक 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। इस बीच ट्विटर पर इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कथित शिवसेना के कार्यकर्ताओं द्वारा बुजुर्ग रिटायर्ड अधिकारी की पिटाई होते देखा जा सकता है। इस वीडियो को कांदिवली ईस्ट से विधायक अतुल भटखालकर ने शेयर किया है।
अभिनेत्री कंगना राणावत के कार्यालय की तोड़फोड़ करके अपनी मर्दानगी दिखाने वाले सत्ताधारी शिवसेना ने अब सत्ता के मद में एक बुजुर्ग भूतपूर्व नौसेना अधिकारी मदन शर्मा को मारपीट करते हुए उनकी आंख को जबरदस्त चोट पहुंचाई है। मुख्यमंत्री घरबैठे तानाशाही चला रहे है। pic.twitter.com/qF2NVcIN55
— Atul Bhatkhalkar (@BhatkhalkarA) September 11, 2020