बाराबंकी। लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर स्थित अर्से से बंद पड़ी फैक्ट्री के बाहर झाड़ियों में एक ब्रीफकेस में महिला का शव बरामद हुआ। करीब 30 मीटर की दूरी पर एक कैरी बैग में एक पॉलीथिन के अंदर महिला के दोनों हाथ-पैर व दूसरी पॉलीथिन में महिला का सिर मिला। सनसनीखेज वारदात की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
मामला कोतवाली नगर क्षेत्र के सफेदाबाद का है। यहां स्थित एसबीआइ बैंक के पास में एक किवाम बनाने वाली फैक्ट्री है। अर्से से बंद इस फैक्ट्री के बाहर झाड़ियों में एक ब्रीफकेस पड़ा पाया गया। उधर से गुजर रही एक महिला ने तेज दुर्गंध पर ब्रीफकेस के पास जाकर देखा तो उसके होश उड़ गए। ब्रीफकेस में महिला का नग्न धड़ पड़ा हुआ था। स्थानीय लोगों की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास खोजबीन शुरू की तो करीब 30 मीटर की दूरी पर एक कैरी बैग पाया गया। पुलिस ने उसे देखा तो उसमें एक पॉलीथिन के अंदर महिला के दोनों हाथ-पैर व दूसरी पॉलीथिन में महिला का सिर रखा हुआ था। इसके साथ ही महिला का सलवार व कुर्ता भी पाया गया। सनसनीखेज वारदात की सूचना पर पहुंचे एसपी डॉ. अरविंद चतुर्वेदी ने भी जांच-पड़ताल की। मौके पर कोई अन्य साक्ष्य नहीं पाया गया।
एसपी ने बताया कि महिला की हत्या कर शव यहां लाकर डाला गया है। शव करीब दो दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। मृतका की शिनाख्त की कोशिश की जा रही है। एसपी ने शव देखने वाली महिला को भी बुलाकर पूछताछ की।