उत्तर प्रदेश में बागपत जनपद के गांव निवाड़ा में शनिवार को पुरानी रंजिश के चलते कुछ लोगों ने प्रधान के घर में घुसकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। आरोपियों ने महिला प्रधान के जेठ की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके अलावा दो भाइयों को लाठी-डंडों से पीट-पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से गांव में दहशत फैल गई है।
वहीं घटना की जानकारी लगने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। इसके बाद पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस की शुरुआती जांच में चुनावी रंजिश का मामला सामने आया है।
थाना कोतवाली के ग्राम निवाड़ा में महिला प्रधान जुलेखा के परिवार के साथ पुरानी रंजिश चलती आ रही है। आरोप है कि रंजिश रखने वाले व्यक्ति ने शनिवार को अपने साथियों के साथ मिलकर परिवार पर हमला कर दिया। आरोपितों ने तमंचे से गोली मारकर प्रधान जुलेखा के जेठ निसार (45 वर्ष) की हत्या कर दी। आरोपियों ने निसार के भाई महकार व अंगूर को लाठी-डंडों से पीट- पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए।
वहीं इस घटना के विरोध में ग्रामीणों ने जिला अस्पताल पहुंचकर जमकर हंगामा किया। मामले की जानकारी मिलने पर एएसपी अनिल कुमार सिंह जिला अस्पताल पहुंचे और किसी तरह ग्रामीणों को शांत कराया। ग्रामीणों का कहना है कि हमलावरों को तुरंत गिरफ्तार किया जाना चाहिए। एएसपी का कहना है कि चुनाव की रंजिश सामने आई है। अभी मामले की जांच की जा रही है।
उधर, निसार की हत्या के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो- रोकर बुरा हाल है। पीड़ित परिवार के लोगों का कहना है कि जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए और उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
एसपी प्रताप गोपेंद्र यादव ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा।