लखनऊ। हजरतगंज स्थित छठ घाट से एक महिला ने गोमती नदी में छलांग लगा दी। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से उसे बाहर निकाला और उसके घरवालों को सूचना देते हुए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया है। एसीपी हजरतगंज अभय कुमार मिश्रा के मुताबिक, रविवार देर शाम को महिला ने गोमती नदी में छलांग दी। एक जुलाई को घरवालों ने उसकी बिना मर्जी से शादी की थी। पति से झगड़ा करने के बाद वह खुदकुशी करने के लिए नदी में कूदी थी। लोगों का कहना है कि पुलिस की सक्रियता के कारण महिला की जान बच गई।
इंस्पेक्टर हजरतगंज अंजनी कुमार पांडेय के मुताबिक लक्ष्मण मेला के पास रहने वाले शुभम बंसल की शादी एक जुलाई को काजल से हुई थी। बताया जा रहा है कि काजल शादी नहीं करना चाहती थी। हालांकि घरवालों के दबाव में उसकी शादी हो गई। रविवार को किसी बात पर काजल का शुभम से विवाद हो गया था। इसके बाद काजल रविवार रात में घर से निकल गई थी। इसके बाद उसने लक्ष्मण मेला के पास गोमती नदी में छलांग लगा दी। पुलिस का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है। काजल के घरवालों को घटना की सूचना दे दी गई है।